राजस्थान दिवस पर आयोजित होगा राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव
टुडे राजस्थान न्यूज़ ( अज़ीज़ भुट्टा )
ब्लॉक स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
बीकानेर, 13 मार्च । राजस्थान दिवस के अवसर पर 20 से 30 मार्च तक राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल की अध्यक्षता में सोमवार को इस महोत्सव की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई । बैठक में जिला कलक्टर ने बताया कि 20 से 27 मार्च तक ब्लॉक स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन होंगे। आयोजन से जुड़ी समस्त तैयारियां पूरी करने के लिए उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तर पर समिति गठित की गई है। 29 और 30 मार्च को जिला मुख्यालय पर राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम धरणीधर मैदान में होगा जिसमें शास्त्रीय और लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रकार के गीत नृत्य, संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। जिला कलक्टर ने कहा कि बीकानेर की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत को समाहित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए सीईओ जिला परिषद की अध्यक्षता में कमेटी गठित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगी।




