धरणीधर मंदिर ट्रस्ट देगा गंगाशहर सीओ कार्यालय के लिए जमीन
टुडे राजस्थान न्यूज़ ( अज़ीज़ भुट्टा )
बीकानेर28 जून। गंगाशहर सीओ सर्किल कार्यालय भवन अब धरणीधर महादेव मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर बनेगा। ट्रस्ट भवन निर्माण के लिए एक बीघा जमीन नि:शुल्क उपलब्ध कराएगा। ट्रस्ट ने इस बारे में पुलिस व जिला प्रशासन को अपनी सहमति दे दी है। जिला प्रशासन व पुलिस महकमे की मुहर भी लग चुकी है। अब कागजी कार्रवाई होना शेष रहा है। इस संदर्भ में ट्रस्ट के संरक्षक रामकिशन आचार्य, ट्रस्ट अध्यक्ष नंदकुमार आचार्य एवं पूर्व उप महापौर अशोक कुमार आचार्य पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, कलक्टर भगवती प्रसाद, पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम से मिलकर सहमति जता चुके हैं।गंगाशहर एसएचओ नवनीतसिंह सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने मौका-मुआयना भी किया है। पखवाड़ेभर में यह जमीन पुलिस को ट्रस्ट गिफ्ट डीड बनवाकर सौंप देगा।

पहले छह, अब होंगे तीन थाने
सदर सर्किल में सदर थाना, गंगाशहर, बीछवाल, जेएनवीसी, नापासर और नाल थाना शामिल थे। अब गंगाशहर सर्किल में गंगाशहर, नाल और नापासर तीन ही थाने रहेंगे। वहीं सदर सर्किल में जेएनवीसी, बीछवाल और सदर रह जाएंगे। गंगाशहर सर्किल बनने से बीकानेर अब आठ सीओ सर्किल हो गए हैं। इससे पहले सदर, सिटी, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, कोलायत, लूणकरनसर व नोखा सात सर्किल थे।
दो बार मिल चुकी जमीन
गंगाशहर सीओ कार्यालय के लिए पहले नाल में जमीन आबंटित की गई। इसके बाद सुजानदेसर के खसरा नंबर 109 में स्वीकृत स्वर्ण जयंती आवासीय योजना फेज द्वितीय में मोहता सराय में जमीन आबंटित की गई। इसके लिए यूआईटी ने 1457.93 वर्गमीटर जमीन पुलिस महकमे को दी। इससे पहले यूआईटी ने नाल बड़ी में 4300 वर्गमीटर जमीन तय की थी। बाद में सर्किल ऑफिस शहरी क्षेत्र में कहीं खोले जाने की मांग होने पर जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से सर्किल ऑफिस का स्थान बदला गया। अब गंगाशहर सीओ कार्यालय के लिए तीसरी बार धरणीधर में जमीन फाइनल हुई है।

धरणीधर ट्रस्ट दे रहा जमीन
गंगाशहर सीओ कार्यालय भवन के लिए धरणीधर ट्रस्ट नि:शुल्क पर्याप्त जमीन उपलब्ध करवा रहा है। इस संदर्भ में सरकार व पुलिस मुख्यालय को अवगत करा दिया है। अब शीघ्र ही गिफ्ट डीड की कार्रवाई पूर्ण की जाएगी।
तेजस्वनी गौतम, पुलिस अधीक्षक
ट्रस्ट सेवाकार्यों में अग्रणी
धरणीधर ट्रस्ट आमजन और शहरी हित में सेवाकार्य करता रहता है। ट्रस्ट की जमीन जनता क्लिनिक और पीएचईडी को पानी की टंकी बनाने के लिए जमीन गिफ्ट कर चुका है। अब गंगाशहर सीओ कार्यालय खोलने के लिए पर्याप्त जमीन देने को तैयार है।धरणीधर में सीओ कार्यालय खुलने से सबका हित है।
नंदकुमार आचार्य, अध्यक्ष धरणीधर महादेव मंदिर ट्रस्ट



