टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
बीकानेर , 21 दिसंबर । राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर प्रातः 8:30 बजे माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर महाविद्यालय प्राचार्य डा. नंदिता सिंघवी द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई जिसमे हार्टफुलनेस सेवा संस्थान बीकानेर, के कोऑर्डिनेटर ओम प्रकाश गोम्बर, श्रीमती वंदना एवं श्री अक्षय द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को ध्यान का अभ्यास करवाया गया ।

गोम्बर ने स्वयंसेवकों को ध्यान का महत्व एवं इसकी आवश्यकता को विस्तार से समझाया ।उन्होंने बताया कि हमारे मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक शांति के लिए ध्यान अति आवश्यक है ।यह हमें स्थिति के साथ संबद्ध रहने, स्वयं को स्वस्थ बनाए रखने, तंत्रिकाओं को शांत करने और आत्म विकास को बढ़ाने में मदद करता है । ध्यान करने के पश्चात स्वयंसेवकों को नाश्ता करवाया गया एवं इसके पश्चात मोटिवेशनल स्पीकर विनय हर्ष द्वारा स्वयं सेवकों को ” स्वयं को जाने” विषय पर प्रेरक व्याख्यान दिया गया । विनय हर्ष ने अपनी व्याख्यान में रोचक एवं प्रेरक कहानियां स्वयंसेवकों को सुना कर उन्हें अपने हुनर को पहचानने एवं स्वयं पर भरोसा करना सिखाया ।उसके पश्चात डॉ शशि वर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कौशल दक्षता कार्यक्रम के महत्व की जानकारी दी ।स्वयंसेवक इसका उपयोग अपने जीवन में किस तरह धन अर्जन के लिए कर सकते हैं इसके बारे में बताया ।

अमित वर्मा ने कौशल दक्षता कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों को कैनवा डिजाइनिंग टूल को डाउनलोड करना एवं इसके विभिन्न फीचर्स के बारे में अवगत कराया जिनमें प्रमुख है व्हाइट बोर्ड, पोस्टकार्ड, फ्लायर तैयार करना, गिफ्ट सर्टिफिकेट डिजाइन करना, कपड़े पर लगने वाले टैग को डिजाइन करना, रियल एस्टेट पोस्टकार्ड एवं ब्रोशर तैयार करना, रिज्यूम व सी वी तैयार करना,पार्टी वेडिंग एवं इवेंट के इनविटेशन कार्ड डिजाइन करना, फोटो कोलॉज, बनाना डेस्कटॉप वॉलपेपर एंड बुक कवर पेज डिजाइन करना, यूट्यूब इंट्रो बनाना सीडी कवर डिजाइन करना,इवेंट प्लान करना बुकमार्क डिजाइन करना आदि के बारे में बताया गया ।

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर स्वयंसेवकों हेतु एकल गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान पर अनुपमा शर्मा रही, द्वितीय स्थान सुशीला सारस्वत ने प्राप्त किया एवं तृतीय स्थान पर रही सुमन सोनी व अनिता प्रजापत ।इसी कार्यक्रम के अंत में विकसित भारत 2047 युवाओं की आवाज कार्यक्रम की जानकारी एनएसएस प्रभारी डॉ विनोद कुमारी द्वारा सभी स्वयंसेवकों को दी गई एव साथ में माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए प्रेरित किया गया ।इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी कार्यक्रम अधिकारी डॉ विनोद कुमारी, डॉ हिमांशु कांडपाल , श्रीमती अंजू सांगवा एवं श्रीमती सुनीता बिश्नोई के साथ डॉ शशि वर्मा, डॉ अंजलि शर्मा, डॉ श्रीकांत व्यास एवं सुश्री धनवंती बिश्नोई उपस्थित रहे ।




