योग साधकों ने रचा अनोखा संगम, मानव आकृतियों में दिखा एकता और संतुलन का संदेश
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
योग साधकों ने रचा अनोखा संगम, मानव आकृतियों में दिखा एकता और संतुलन का संदेश”
बीकानेर, 18 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों के तहत वेटेनरी कॉलेज के ग्राउंड में योग गुरु दीपक शर्मा के नेतृत्व में योग साधकों के विशेष दल ने योग की विभिन्न मुद्राओं एवं समूह अभ्यास का प्रदर्शन किया। साधकों ने आकर्षक मानव योग आकृतियां बनाकर एकता, संतुलन और सामूहिक चेतना का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान साधकों ने मानव श्रृंखला, बहु-भुजा योग संरचनाएं एवं रचनात्मक समूह योग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इन विशेष आकृतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाता, बल्कि समाज को भी आपसी सहयोग, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के सूत्र में जोड़ता है।
योग गुरु दीपक शर्मा ने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संकल्प है। योग तनाव, चिंता और असंतुलित जीवनशैली से मुक्ति दिलाकर व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाता है।

उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश फैलाएं।
इस अवसर पर योग शिक्षक मोहित स्वामी, मोहित राजपुरोहित, वंशिता, महिमा स्वामी, जनक विश्नोई, अमित राजपुरोहित, दिव्यांशु पुरोहित एवं किशन व्यास ने सक्रिय भूमिका निभाई।



