योग दिवस पर विद्यार्थियों के आवागमन हेतु की गई विशेष परिवहन व्यवस्था
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
योग दिवस पर विद्यार्थियों के आवागमन हेतु की गई विशेष परिवहन व्यवस्था
20 बस प्वाइंटों से रवाना होंगे विद्यार्थी, प्रातः 5:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचना होगा अनिवार्य
बीकानेर, 19 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक किशन दान चारण द्वारा विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ के आवागमन हेतु विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 20 बस प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जहां से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तक पहुंचाया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री चारण ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में बीकानेर शहर के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी तथा स्टाफ बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा समन्वित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
आवागमन व्यवस्था के तहत सभी बसें अपने-अपने निर्धारित बस प्वाइंट पर प्रातः 5 बजे उपलब्ध रहेंगी। संबंधित संस्था प्रधानों, नोडल अधिकारियों एवं बस प्वाइंट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों एवं स्टाफ को समय पर बसों में बैठाकर रवाना करें। सभी प्रतिभागियों को प्रातः 5:30 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचना अनिवार्य होगा।
शिक्षा विभाग ने सभी संस्था प्रधानों से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा परिवहन व्यवस्था का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देगा।
इन 20 स्थानों से संचालित होंगी बसें
श्री चारण ने बताया कि परिवहन व्यवस्था के तहत राजस्थानी साहित्य अकादमी, मुरलीधर व्यास कॉलोनी चौराहा (करमीसर रोड), जवाहर पार्क राम मंदिर (गजनेर रोड), गोकुल सर्किल (नत्थूसर गेट), एम.एम. ग्राउंड के पास, दीनदयाल सामुदायिक भवन (मुक्ताप्रसाद नगर), लालेश्वर महादेव मंदिर (शिवमठ, शिवबाड़ी), राजीव गांधी मार्ग (फोर्ट स्कूल मैदान के पास), रामदेवजी मंदिर (सूजानदेसर), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गौशाला के पास (भीनासर), राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय करनाणी (गंगाशहर), राव बोथरा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), लालगढ़ रेलवे स्टेशन के पास, जैन पब्लिक स्कूल के पास (गंगाशहर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (जस्सूसर गेट), धरनीधर महादेव मंदिर के पास (श्रीरामसर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीएसएफ कैम्पस के पास, सेठ तोलाराम बाफना उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), जस्सूसर गेट के अंदर शिव शक्ति गैस एजेंसी के पास, सुभाष पेट्रोल पंप के पास (जयपुर रोड) तथा आरएसवी हायर सेकेंडरी जेएनवी को बस प्वाइंट के रूप में निर्धारित किया गया है।
विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व संबंधित बस प्वाइंट पर पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।



