कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता की पहचान -डॉ. गुप्ता

0
16

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान में तीन माह के ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान

कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता की पहचान -डॉ. गुप्ता

बीकानेर, 07 जुलाई। न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान, बीकानेर द्वारा आयोजित तीन माह के ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. अर्पिता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने बालिकाओं से अपने सीखे हुए हुनर का सदुपयोग कर स्वरोजगार अपनाने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।


संस्थान संस्थापक ताहिर हुसैन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान द्वारा विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रशिक्षिका मोहिनी खत्री एवं शालू गुजराती ने तीन माह तक प्रशिक्षार्थियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित विभिन्न तकनीकों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण का मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर वासिद अली ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य में सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकानेर सहित हनुमानगढ़, नागौर, नोखा, लूणकरणसर और नाल क्षेत्र की अनेक बालिकाओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। समारोह के दौरान सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा डॉ. गुप्ता द्वारा मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। डॉ. गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों के अनुशासन, लगन और सीखने की उत्सुकता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की वरिष्ठ सदस्य दुर्गा देवी की ओर से अतिथि, प्रशिक्षिकाओं, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास के ऐसे कार्यक्रम नियमित आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here