सेवा, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना ही रासेयो का मूल उद्देश्य – प्राचार्य

0
6

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

जैन गर्ल्स कॉलेज में मनाया राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस

सेवा, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना ही रासेयो का मूल उद्देश्य – प्राचार्य

बीकानेर 24 सितंबर । राष्ट्र सेवा और सामाजिक सरोकारों की भावना को युवाओं में विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की स्थापना 24 सितम्बर 1969 को की गई थी। स्थापना के बाद से रासेयो निरंतर सशक्त एवं परिपक्व होते हुए नवाचारपरक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।


राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर आज श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में “मैं और मेरा समाज” विषय पर लघु संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ताशु एंड टीम द्वारा रासेयो के लक्ष्य गीत से हुआ। रासेयो प्रभारी विशाल सोलंकी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना भारतीय संस्कृति के मूलभूत सेवा भाव को युवाओं के जीवन से जोड़ने का माध्यम है। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करना है।


संकाय सदस्य डॉ. राजेंद्र जोशी ने कहा कि रासेयो युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण मंच है।
संकाय सदस्य निर्मला सांखला ने सेवा को भारतीय संस्कृति का मूल तत्व बताते हुए कहा कि सेवा भाव को केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित न रखकर इसे जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
गोष्ठी में छात्राओं रौनक, संध्या एवं ऐश्वर्या ने महिला शिक्षा, साइबर सुरक्षा, मतदान जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। स्वयंसेविका प्रीति ने पर्यावरण एवं स्वच्छता विषय पर पोस्टर बनाकर प्रस्तुत किया।
रासेयो प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान ने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की यात्रा, इसके उद्देश्यों तथा समाजोपयोगी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता संकल्प की शपथ दिलाई।


डॉ. पल्लवी चौहान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं स्वयंसेविकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. तोषनीवाल, डॉ. धनपत जैन, डॉ. नवेंदु खत्री, अरुणा त्यागी एवं अरुण सक्सेना सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन विशाल सोलंकी ने किया।
कार्यक्रम के पश्चात रासेयो स्वयंसेविकाओं ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान करते हुए पौधों की देखभाल एवं स्वच्छता कार्य किया तथा सेवा और स्वच्छता के संकल्प को व्यवहार में उतारने का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here