टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
राजपूत समाज क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-1 का भव्य समापन, राजपूताना ब्लास्टर बनी विजेता
बीकानेर, 13 नवंबर । राजपूत समाज क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-1 (2026-27) का भव्य समापन आज शादुल स्पोर्ट्स ग्राउंड, बीकानेर में उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में समाज की 12 टीमों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों के पश्चात फाइनल मैच आयोजित किया गया।

फाइनल मुकाबले में राजपूताना ब्लास्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि तम्हार करणी ग्रुप उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को समाज के गणमान्य अतिथियों डॉ. नंद सिंह शेखावत, करण प्रताप सिंह सिसोदिया, नवीन सिंह तंवर, कर्नल शीशपाल सिंह पंवार, प्रदीप सिंह चौहान, अर्जुन सिंह एवं देवेंद्र सिंह तथा आयोजनकर्ता भवानी प्रताप सिंह, प्रताप सिंह शेखावत और रविन्द्र सिंह जखाणिया द्वारा ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. नंद सिंह शेखावत ने युवाओं को खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम है। युवाओं को खेलों के माध्यम से समाज के साथ जुड़ाव बनाए रखना चाहिए।
क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के अध्यक्ष श्र करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक टीम एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में एकता, समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, उत्साह एवं सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ संपन्न हुआ





