अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर वर्तमान में मानवाधिकारो की उपयोगिता विषय पर हुई सेमिनार
टुडे राजस्थान न्यूज़
बीकानेर 10 दिसंबर। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर प्रेस बयान जारी करते हुए एजुकेशनल एंड सोशल अवेयरनेस फेडरेशन की डायरेक्टर एवं अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव डॉ सीमा जैन ने बताया कि आज अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर स्थानीय नरेंद्र ऑडिटोरियम में “वर्तमान में मानवाधिकारों की उपयोगिता” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन एजुकेशनल एंड सोशल अवेयरनेस फेडरेशन और अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। जिसे बतौर कीनोट स्पीकर विधि विशेषज्ञ डॉक्टर अनिल कौशिक ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता और समानता के अधिकार में ही सारे मानवाधिकार निहित है। इसलिए महिलाओं और युवा पीढ़ी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह मानवाधिकारों का संरक्षण करें।

इसी क्रम में सेमिनार को बतौर मुख्य अतिथि प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्यानी (संयुक्त राष्ट्र द्वारा लैंड फॉर लाइफ 2021अवॉर्डी) ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समाज में तमाम तरह के भेदभाव चाहे वह लिंग,धर्म, जाति, रंग के आधार पर होते हैं। वे सभी मानवाधिकारों का हनन ही है। इसलिए इनकी सुरक्षा की जवाबदेही समाज की है। कानून तो बहुत मजबूत बने हुए हैं जो हमे तमाम तरह के अधिकार देते है लेकिन सामाजिक रूप से उनका उल्लंघन हर स्तर पर देखने को मिलता है। जिसमें सुधार की जिम्मेदारी और जवाबदेही महिलाओं, युवाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों इत्यादि की है। हमारे देश का सबसे पवित्र ग्रंथ हमारा संविधान है क्योंकि संविधान ही इंसानियत की रक्षा करता है।

जनवादी महिला समिति की संस्थापक सदस्य कवियत्री इंदिरा व्यास ने कविता के माध्यम से मानवाधिकारों की उपयोगिता बताई। वहीं संरक्षक कामिनी सक्सेना ने कहा कि कानून और समाज का मजबूत संबंध होने के बावजूद भी कानूनों का उल्लंघन समाज में होता है इसलिए सामाजिक चेतना बढ़ाने के लिए प्रयास और तेज करने होंगे।
इसी क्रम में डॉक्टर दुर्गा चौधरी, डॉक्टर भरत जाजड़ा, डॉक्टर एडवोकेट इंदिरा लूणा, उपासना शर्मा विजयपाल चौधरी, राहुल बिश्नोई ने पत्र वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर भारती सांखला और रितेश पुरोहित ने किया। कार्यक्रम के अंत में सफल आयोजन हेतु एजुकेशनल एंड सोशल अवेयरनेस फेडरेशन के अध्यक्ष डॉक्टर कप्तान सिंह ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार जताया और भविष्य में भी सहयोग की अपील की।



