टुडे राजस्थान न्यूज़
बीकानेर 31 जनवरी । राजस्थान में उलेमा के सबसे बड़े संगठन तहरीक उलमा ए हिंद का कल 1 फरवरी को पांचवां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर बीकानेर में प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य गण, सुबह 9:30 बजे दारूल उलूम सुलेमानिया रहमानिया, सब्जी मंडी, बीकानेर में एकत्रित होकर आगे की रणनीति पर बात करेंगे। संगठन बीकानेर के अध्यक्ष मौलाना मुमताज़ अहमद नईमी ने संवाददाता से बात करते हुए बताया कि हमने पिछले 4 वर्षों में शिक्षा, समाज सेवा और स्वास्थ्य में अच्छी भागीदारी निभाई है और हम आगे और बेहतरी की आशा करते हैं। उन्होंने आंकड़ों के रूप में बताया कि अब तक हमने तहरीक इन्डियन स्टैंडर्ड इंग्लिश स्कूल बीकानेर और आई.क्यू स्कूल शेरानी आबाद के अतिरिक्त शिक्षा के क्षेत्र में आरएएस, नीट, आईआईटी, जेईई, बीऐड, बीए, एमए,10वीं और 12वीं के 66/बच्चों को काऊंसलिंग, फ़ीस, कोचिंग, रिहायश और एडमीशन में सहायता की और 2 ग़रीब बच्चों को गोद लिया। अब तक गरीब विद्यार्थियों को 1 लाख, 61 हज़ार रुपए की नकद फीस दी गई। शिक्षा के क्षेत्र में बेदारी के लिए 3 शहरों में बड़ी कॉन्फ्रेंसेस, 50 सोशल अवेयरनेस प्रोग्राम, 24 वर्क शॉप्स, 10 काऊंसलिंग प्रोग्राम, 21 महिला शिक्षकों को टीचिंग ट्रेनिंग, 33 लोगों को बिज़नेस ट्रेनिंग, 21 लोगों को इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स, 395 लोगों को लेखन प्रशिक्षण आदि मुहैया करवाया गया तथा लॉक डाउन के समय से अब तक 62 प्रकार के ऑनलाइन कोर्सेज और वेबीनार आदि करवाए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के लिए हमारे संगठन ने पिछले 4 वर्षों में राशन सामग्री, शैक्षणिक फीस और गरीबों के इलाज के रूप में जनता से पाई पाई जुटाकर 13 लाख,78 हज़ार रूपए ख़र्च किए जबकि लॉक डाउन में इसके अतिरिक्त विशेष रूप से 7 लाख की राहत सामग्री वितरित की।

राजस्थान के 19 से अधिक शहरों में अब तक हमारा संगठन 8 मेडिकल कैंप, 11 ब्लड डोनेशन कैंप, 5 नशा मुक्ति प्रोग्राम, 6 फल वितरण प्रोग्राम, 9 पौधारोपण प्रोग्राम, 7 फैमिली काउंसलिंग प्रोग्राम, 250 कंबल वितरण प्रोग्राम तथा 83 राशन वितरण प्रोग्राम आयोजित कर चुका है। महाराष्ट्र के कोकण क्षेत्र में आए सैलाब में हमारे संगठन ने ₹1,30,000 की सहायता दी। पहले कोरोना के समय जयपुर और बीकानेर में फंसे 1560 मज़दूरों को उनके घर पहुंचाने में सहयोग किया। हमारा संगठन अब तक आईटी और टीचिंग सेक्टर में 55 बेरोजगारों को जॉब मुहैया करवा चुका है। 28 लोगों को समाज सेवा के बेहतर कार्य करने पर हमने सम्मानित किया। नागौर के शेरानी आबाद में सीबीएसई पेटर्न अल्ट्रा मॉडर्न निर्माणाधीन आईक्यू स्कूल के अतिरिक्त संगठन के अंतर्गत राजस्थान के पाली, टोंक, जयपुर और बीकानेर में 23 कर्मचारियों द्वारा 7 शिक्षण संस्थान सस्ती और गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। तहरीक के सेक्रेटरी मुफ्ती जमील अहमद व ऑफिस सेक्रेटरी शब्बीर हुसैन ने बताया कि हमने इस दौरान देश हित के लिए तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और सफाई अभियान जैसे चलाए गए हर अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया क्योंकि देश तथा समाज चौमुखी उत्थान ही हमारा मूल उद्देश्य है। उन्होंने यह भी कहा की हमारे इन कार्यों को राजस्थान सरकार और प्रशासन द्वारा कई बार सराहा गया और हमारे कई सहयोगी मित्रों को कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मान पत्र भी दिए गए।




