आयुष चिकित्सकों ने वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन
टुडे राजस्थान न्यूज
बीकानेर जिले के आयुर्वेद, यूनानी, एवं होम्योपैथी चिकित्साधिकारियों (आयुष चिकित्सक महासंघ ) द्वारा सातवें वेतन आयोग में केंद्र के आयुष चिकित्साधिकारियों के समान वेतनमान एवं भत्ते देने और वेतन विसंगति दूर करते हुए डीएसीपी के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री महोदय के नाम जिला कलेक्टर महोदय बीकानेर द्वारा ज्ञापन सौंपा गया l

आयुर्वेद मेडिकल एसोसिएशन बीकानेर के अध्यक्ष डॉ हंसराज चौधरी ने बताया की राज्य में लगभग 5 हजार आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्साधिकारी अपनी सेवायें राज्य के सुदूर, दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तत्परता से प्रदान कर रहे हैं। राज्य के आयुष चिकित्साधिकारियों की शैक्षणिक योग्यता, भर्ती प्रक्रिया, सेवा समूह तथा कार्य केंद्र के आयुष चिकित्साधिकारियों तथा राज्य के एलोपैथी चिकित्साधिकारियों के समान है। सभी आयुष चिकित्सकों को सातवां वेतन आयोग के अनुसार वेतन भत्ते दिए जाए। और पांचवे, छठें एवं सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट के क्रम में वित्त मंत्रालय (व्यय विभाग) भारत सरकार द्वारा जारी आदेशों द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के ऐलोपैथी एवं आयुष चिकित्सकों को नॉन-प्रैक्टिस भत्ता दिया गया है। इसी तरह राज्य के आयुष चिकित्साधिकारियों को भी केंद्र के अनुरूप नॉन प्रैक्टिसिंग भत्ता (एनपीए) दिया जाए।



