15 फरवरी तक करवाना होगा पालनहार योजना में वेरीफिकेशन से वंचित बच्चों का वार्षिक सत्यापन

0
260

टुडे राजस्थान न्यूज़
चालू शैक्षणिक सत्र का अध्ययनरत प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश
बीकानेर 07 फरवरी। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने पालनहार योजना के तहत जिले में वार्षिक सत्यापन से वंचित 1 हजार 854 बच्चों के अध्ययनरत प्रमाण पत्र 15 फरवरी तक आवश्यक रूप से उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों ,विकास अधिकारियों व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर ने कहा कि योजना में लाभान्वित बच्चों का वार्षिक सत्यापन करने के लिए शैक्षणिक सत्र 2022 -23 में विद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है। अब तक शैक्षणिक सत्र 2022- 23 में पालनहार योजना से लाभान्वित हो रहे 13 हजार 37 बच्चों में से 11 हजार 183 का वार्षिक सत्यापन किया जा चुका है। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को भी लाभान्वित आंगनबाड़ी में पंजीकृत बच्चों का प्रमाण पत्र जारी करते हुए ईमित्र इत्यादि के माध्यम से वार्षिक सत्यापन करवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल डी पंवार ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र के दौरान बीकानेर ब्लॉक के 706, श्रीडूंगरगढ़ के 323 ,खाजूवाला के 96 ,कोलायत के 89, लूणकरणसर के 168, नोखा के 319, पांचू के 102, बज्जू खालसा में 25 , पूगल के 26 बच्चों का वार्षिक सत्यापन होना शेष है। उन्होंने बताया कि अध्ययनरत प्रमाण पत्र संबंधित बच्चों के आधार नंबर की कॉपी के साथ कार्यालय को ईमेल से भी भेजे जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here