नेशनल फुटबाल खिलाड़ी, शिक्षक रहे हाजी मुस्तफा अली का हुआ निधन
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
सेवानिवृत्त शिक्षक एवं नेशनल फुटबाल खिलाड़ी हाजी मुस्तफा अली का निधन
बीकानेर 19 मई। 1940 में जन्मे मुस्तफा अली ने अपना कैरियर 1960 में एक शिक्षक के रूप में शुरू किया। आपका प्रारंभिक जीवन संघर्षों में व्यतीत हुआ। खेती किसानी के साथ साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया। अपने गांव इस्लामपुर से झुंझुनूं लगभग 20 किलोमीटर पैदल चल कर कॉलेज जाते और शेष समय में खेतों में कार्य कर अपनी आजीविका चलाने वाले मुस्तफा अली अपने जीवन में मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से आगे बढ़े। वे अध्ययन के साथ साथ खेल में भी रुचि रखते थे। वे फुटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे। अपनी युवावस्था के समय उन्होंने फुटबॉल के 15 राष्ट्रीय स्तर के मैचों में हिस्सा लिया।

1956-57 में सेठ पीरामल हाई स्कूल,बगड़ की ओर से उन्होंने जयपुर, दिल्ली जैसे शहरों में अंडर 19 फुटबॉल के मैच खेले जहां जाना उस वक़्त लोगों के लिए सपना हुआ करता था।अपनी सरकारी सेवा में उन्होंने एक शिक्षक के रूप में रा उ मा वि, रेलवे क्रॉसिंग, रा उ प्रा वि, ईदगाह बारी के अंदर और जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक, बीकानेर में अपनी सेवाएं दीं। एक पुत्र और तीन पुत्रियों से भरा पूरा घर छोड़ कर 17 मई 2025 को उन्होंने अंतिम सांस ली। अपने सम्पूर्ण जीवन मे उन्होंने समाज सेवा कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों को शिक्षित करने में उन्होंने कोई कोर कसर नहीं लड़के और लड़की में अंतर नहीं करते हुए उन्होंने अपनी चारों सन्तानों को स्नातकोत्तर तक कि शिक्षा दिलवाई। जीवन में शिक्षा, समाज सेवा, खेल और बालिका शिक्षा में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।1999 में सेवानिवृत्ति होने के बाद भी उन्होंने नेक कार्यों को जन जन तक पोंहोचाया। उनका जीवन इंसानियत के लिए एक प्रेरणा है।



