चयनित शारीरिक शिक्षकों का निदेशालय पर धरना जारी

0
24

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर , 21 मई । राजस्थान एकीकृत शारीरिक शिक्षक संघ, राजस्थान के बैनर तले पीटीआई भर्ती 2022 के पात्र चयनित शारीरिक शिक्षकों द्वारा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के समक्ष दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने का तीसरा दिन रहा।

आज चयनित शारीरिक शिक्षकों ने अति शीघ्र स्थाईकरण एवं वेतन नियमितीकरण आदेश जारी करने की मांग को लेकर दाहिने हाथ पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामप्रकाश सांगवा के नेतृत्व में समस्त चयनित शारीरिक शिक्षकों ने निदेशालय परिसर में रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज करवाया।

इसके पश्चात संघ के प्रतिनिधिमंडल ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामप्रकाश सांगवा ने निदेशक महोदय के समक्ष पीटीआई भर्ती 2022 के पात्र चयनितों का शीघ्र स्थाईकरण एवं वेतन नियमितीकरण आदेश जारी करने की मांग रखी।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि विभाग पीटीआई भर्ती 2022 के पात्र चयनितों के स्थाईकरण एवं वेतन नियमितीकरण हेतु पूर्णतया प्रयासरत है। अतिरिक्त मुख्य शिक्षा सचिव, शिक्षा मंत्री एवं राजस्थान सरकार से आदेश प्राप्त होते ही चयनितों के स्थाईकरण एवं वेतन नियमितीकरण आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक से वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संघ के जिला अध्यक्ष महबूब अली, संघ के कोषाध्यक्ष रुपाराम लूनू, गौरीशंकर सारण, ओमप्रकाश गोदारा, मनीषा बिश्नोई, गीता सांगवा शामिल रहे।

धरने के नेतृत्वकर्ता रामनिवास बाना ने बताया कि जब तक शिक्षा विभाग एवं राज्य सरकार द्वारा पीटीआई भर्ती 2022 के पात्र चयनितों का स्थाईकरण एवं नियमितीकरण आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आदेश जारी नहीं किए गए तो समस्त धरनार्थी शारीरिक शिक्षक क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here