समस्याओं के समाधान तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
“पीबीएम सुधारो आंदोलन” पर संभागीय आयुक्त से कांग्रेस की वार्ता, कई मांगों पर नहीं बनी सहमति
संभागीय आयुक्त ने बुलाया कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को, पीबीएम सुधारो आंदोलन पर हुई चर्चा
बीकानेर, 22 जून। पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहे “पीबीएम सुधारो आंदोलन” के धरने के संबंध में संभागीय आयुक्त ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। सम्भागीय आयुक्त से साथ वार्ता में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन, अ. पुलिस अधीक्षक, एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, अस्पताल अधीक्षक शामिल रहें। आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा एवं समाधान की दिशा में पहल करते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय की ओर से प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया। संभागीय आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा समस्याओं के निराकरण के लिए सकारात्मक कार्रवाई पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि मरीजों और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने तथा अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग उठाई। साथ ही 10 सूत्रीय मांगों पर समाधान पर चर्चा हुई, साथ ही प्रसुता शारदा की मौत पर लापरवाहों के प्रति कार्यवाही, आर्थिक मुआवजे की मांग की गई लेकिन कई मुद्दों पर सहमति नहीं बनी। जिसके कारण प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अस्पताल में व्याप्त समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में देहात व शहर अध्यक्ष बिशनाराम सियाग व मदनगोपाल मेघवाल के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री बी.डी. कल्ला, अनूपगढ़ विधायक एवं जिला प्रभारी शिमला नायक, भूदान आयोग चैयरमेन लक्ष्मण कड़वासरा, बीकानेर शहर प्रभारी मुस्ताक खान, नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, लूणकरनसर प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, पीसीसी सदस्य डॉ. प्रीति मेघवाल, यूथ अध्यक्ष भंवर कूकणा, सुमित वल्लभ कोचर, राजेन्द्र बापेऊ, सीताराम नायक, पन्नालाल नायक सहित कांग्रेस पदाधिकारीगण मौजूद रहें।



