टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण, प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना
बीकानेर, 09 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मण्डल मुख्यालय बीकानेर द्वारा संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर श्री कृष्णा अकेडमी बीकानेर का निरीक्षण सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखला द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया।


शिविर में प्रतिभागियों को स्पोकन इंग्लिश, कंप्यूटर, क्राफ्ट, सिलाई, पेंटिंग, मेहंदी सहित विभिन्न रोजगारोन्मुख एवं रचनात्मक विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुओं एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका रामजस ने अवलोकन कर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास संबंधी गतिविधियां बच्चों एवं युवाओं की रुचियों को विकसित करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के समय का सदुपयोग करने तथा नई-नई कौशल सीखने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं।

शिविर में उपस्थित प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन किया तथा कौशल विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान एवं विभिन्न कौशलों से सशक्त बनाना है।शिविर के सफल संचालन में श्रीमती रितु गोड़, अंजुमन आरा., सुलोचना, सुनीता, डिंपल, हरसिद्धि, साक्षी एवं सलोनी द्वारा विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागी उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का विकास कर रहे हैं।



