150 मेधावी छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
माली सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 सम्पन्न, 150 मेधावी छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
बीकानेर, 20 जून । माली सैनी सामूहिक विवाह संस्थान, बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित “माली सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन शनिवार को सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल जगत में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना रहा।

समारोह में लगभग 150 मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के विशिष्ट अतिथियों का विशेष सम्मान भी किया गया, जिनमें डॉ. पी.के. सैनी, श्रीमती रीना कच्छावा, गोकुल सांखला, देवेन्द्र गहलोत, अशोक पंवार, रणछोड़ सिंह गहलोत एवं दीपक गहलोत शामिल रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खेल जगत से जुड़े देवेन्द्र गहलोत रहे, जिन्होंने हैंडबॉल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित कर देश एवं समाज का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान लक्षिता माली एवं शोभा कच्छावा ने योगासन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा तथा आयोजकों द्वारा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंकुश गहलोत, संजय सांखला एवं सपना तंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम माली सैनी सामूहिक विवाह संस्थान के अध्यक्ष कन्यालाल भाटी के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।

आयोजन को सफल बनाने में कार्यकर्ता के रूप में रजत गहलोत, किशन गहलोत, भानु तंवर, मनोज कच्छावा, मनोज भाटी, महेश कुमार तंवर, मोहित भाटी एवं विष्णु भगवान तंवर ने सक्रिय योगदान दिया। वहीं महिला कार्यकर्ताओं के रूप में निशा कच्छावा एवं दिशा टॉक की उल्लेखनीय सहभागिता रही। संस्थान की कोर कमेटी के सदस्य मुरली गहलोत ने कार्यक्रम के प्रबंधन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

समारोह में उपस्थित समाज बंधुओं ने प्रतिभाओं के सम्मान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक पहल बताते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला यह आयोजन उत्साह, प्रेरणा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा।



