टुडे राजस्थान न्यूज़ ( अज़ीज़ भुट्टा )
लघु उद्योग भारती की हरित पहल: एकादशी पर सघन वन अभियान का शुभारंभ
बीकानेर, 25 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण की दिशा में लघु उद्योग भारती द्वारा करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित लघु उद्योग भारती वाटिका में एकादशी के पावन अवसर पर सघन वन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रीको के निवर्तमान शाखा प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद शर्मा एवं सहायक शाखा प्रबंधक मोहित सिंगला ने 20 पौधे रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने वृक्षारोपण को प्रकृति संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रत्येक नागरिक एवं उद्योगपति से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य हर्ष कंसल, करनी इकाई अध्यक्ष विनोद धानुका, सचिव मनोज तलवारिया एवं सुनील कंसल उपस्थित रहे। सभी ने लघु उद्योग भारती वाटिका को एक आदर्श सघन वन के रूप में विकसित करने के लिए 1000 पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया तथा इस अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि डॉ. आशु मलिक ने लघु उद्योग भारती वाटिका के लिए 116 पौधे भेंट किए। लघु उद्योग भारती परिवार ने उनके इस प्रेरणादायी सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

लघु उद्योग भारती द्वारा आगामी समय में चरणबद्ध रूप से 1000 पेड़ों का सघन वन विकसित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, जैव विविधता के विकास एवं औद्योगिक क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाने का भी है। संस्था ने इस अभियान में उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।


