भैरव उद्यान अभियान में महिला शक्ति की दमदार भागीदारी

0
59

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

भैरव उद्यान अभियान में महिला शक्ति की दमदार भागीदारी, विकास कार्यों की संभालेंगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
: कोडमदेसर सरोवर जीर्णोधार
बीकानेर, 26 जुलाई। विश्व विख्यात श्री कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर परिसर में कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में चल रहे सरोवर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण महाअभियान के उपरांत अब “भैरव उद्यान अभियान” को और अधिक गति प्रदान की जा रही है। चार चरणों में संचालित इस महाअभियान का पहला चरण लगभग पूर्णता की ओर है, जबकि दूसरे चरण में भी अधिकांश कार्य प्रगति पर है और कई महत्वपूर्ण कार्य ज़ोरशोर से चल रहे हैं।

रविवार को आयोजित सेवा शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। मातृशक्ति ने न केवल पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लिया, बल्कि उद्यान के विकास, संरक्षण और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी स्वयं संभालने का संकल्प लिया। महिलाओं की यह भागीदारी इस अभियान को एक नई दिशा और मजबूती प्रदान कर रही है, जिससे यह स्पष्ट है कि भैरव उद्यान का भविष्य जनसहभागिता और विशेष रूप से महिला नेतृत्व पर आधारित होगा।

सोसायटी के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि जनसहयोग एवं भैरव भक्तों के सहयोग से सरोवर जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अब दूसरे चरण में भैरव उद्यान का निर्माण, हरियाली विकास, छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण, पाथवे निर्माण, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा समग्र सौंदर्यकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस महाअभियान में भामाशाहों एवं दानदाताओं का विशेष योगदान प्राप्त हो रहा है। कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, गुवाहाटी, भदोही, गुरुग्राम, दिल्ली सहित देश के विभिन्न शहरों में बसे भैरव भक्त एवं प्रवासी बीकानेरवासी आर्थिक सहयोग के साथ-साथ निरंतर मार्गदर्शन एवं नैतिक समर्थन प्रदान कर रहे हैं, जिससे यह अभियान और अधिक सशक्त रूप ले रहा है।

कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी ने सभी भैरव भक्तों, मातृशक्ति, युवाओं एवं समाजजनों से इस जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान में अधिक से अधिक सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here