शिवबाड़ी मंदिर परिसर में किया सामूहिक श्रमदान

0
66

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

गुरु पूर्णिमा की तैयारियों में जुटी टीम आवर फॉर नेशन, शिवबाड़ी मंदिर परिसर में किया सामूहिक श्रमदान

बीकानेर, 26 जुलाई। “हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम” के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते हुए टीम आवर फॉर नेशन ने आज प्रातः 7:00 बजे शिवबाड़ी मंदिर क्षेत्र में अपना साप्ताहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया। आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव को ध्यान में रखते हुए यह अभियान मंदिर समिति एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से महंत सोमगिरि जी की समाधि स्थल की परिधि में चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक श्रमदान करते हुए परिसर की व्यापक सफाई की। हरियाली से आच्छादित एवं सुव्यवस्थित इस क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से झाड़-झंखाड़, सूखी पत्तियों एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया गया। अभियान में लगभग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर कचरा एवं झाड़ एकत्रित कर नगर निगम के डम्पिंग यार्ड भिजवाया गया।

इस अवसर पर डीसीबी बैंक के शाखा प्रबंधक श्री मिढ़ा ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता के इस जनआंदोलन की सराहना की।

टीम आवर फॉर नेशन के संस्थापक सीए सुधीश शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। गुरु पूर्णिमा जैसे पावन पर्व से पूर्व धार्मिक स्थलों की स्वच्छता न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

अभियान में मंदिर समिति एवं स्थानीय नागरिकों के साथ टीम आवर फॉर नेशन के सदस्य ब्रजेंद्र त्रिपाठी, इन्द्र सिंह, सुशील यादव, बसंत, मानक व्यास, महेंद्र तिवारी, किशोर भाटिया, अरुण चम, भवानी सिंह राजपुरोहित, सोनी शर्मा, दीपा सिंह, वंदना शर्मा, चंदरकला उपाध्याय, पुरुषोत्तम शर्मा, सीए वसीम रज़ा, सीए सुधीश शर्मा, गजेन्द्र सरीन, गुरमोहन सेठी, रमेश उपाध्याय तथा डॉ. फ़ारूक़ अहमद उपस्थित रहे।

वर्ष 2016 से बिना किसी आर्थिक सहयोग, राजनीतिक संरक्षण या व्यक्तिगत स्वार्थ के निरंतर संचालित टीम आवर फॉर नेशन प्रत्येक रविवार सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता, जनजागरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दे रही है। टीम का विश्वास है कि जब समाज स्वयं आगे बढ़कर अपने शहर की जिम्मेदारी निभाता है, तभी स्वच्छ, सुंदर और जागरूक भारत का निर्माण संभव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here