हिरोशिमा दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन गुरुवार को
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
डूंगर कॉलेज में हिरोशिमा दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन गुरुवार को
बीकानेर, 05 अगस्त। संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर कॉलेज, बीकानेर में हिरोशिमा दिवस के अवसर पर “विकिरण एवं वातावरण” विषय पर एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन गुरुवार, 6 अगस्त को किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन महाविद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग एवं इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी (ISRB) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आयोजन सचिव डॉ. अर्चना पुरोहित ने बताया कि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि पूर्व महापौर श्री अखिलेश प्रताप सिंह होंगे तथा विशिष्ट अतिथि आचार्य तुलसी कैंसर हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. नीति शर्मा रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय डूंगर कॉलेज के प्राचार्य एवं इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पुरोहित करेंगे।
सम्मेलन के संयोजक डॉ. आनन्द खत्री ने बताया कि उद्घाटन समारोह महाविद्यालय के रसायन विभाग स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा। उद्घाटन सत्र के पश्चात पाँच तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में अमेरिका के डॉ. राव पैपिनेनी, सिंगापुर के डॉ. प्रकाश हाण्डे, नई दिल्ली की डॉ. मधु बाला, मंगलूरु की डॉ. सुचिता कुमारी तथा कोच्चि के डॉ. सी.के.के. नायर वर्चुअल माध्यम से अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि सम्मेलन में विकिरणों के मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, विश्वभर में बढ़ते कैंसर रोगियों की चुनौती, विकिरण सुरक्षा तथा कैंसर की रोकथाम एवं उपचार के नवीन वैज्ञानिक उपायों पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के लिए नवीन वैज्ञानिक अनुसंधान एवं समसामयिक जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।



