टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में 17वें बैच की गोल्डन जुबली पर हुए विभिन्न कार्यक्रम
बीकानेर, 21 सितम्बर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के 17वें बैच वर्ष 1975 की गोल्डन जुबली के अवसर पर सोमवार को कॉलेज परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में हिपोक्रेट्स की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में पानी के फव्वारे के चारों ओर स्टील की सुरक्षा रेलिंग भी स्थापित की गई।

इस अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच वर्ष 1959 के विद्यार्थियों की सूची का शिलालेख कॉलेज प्रशासन के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार को सुपुर्द किया गया। शिलालेख में वर्ष 1959 के प्रथम बैच के 39 चिकित्सकों के नाम अंकित हैं।
गोल्डन जुबली समारोह में डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी, डॉ. धनपत कोचर, डॉ. बी.सी. घीया, डॉ. शिव कुमार स्वामी, डॉ. गणपत सिंह पुरोहित, डॉ. जुगल किशोर सकरवाल, डॉ. जतन बाफना सहित कॉलेज के चिकित्सक, पूर्व विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम 1975 के 17वें बैच के उन 15 दिवंगत साथियों की स्मृति को समर्पित रहा, जिनकी याद में कॉलेज परिसर में स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व विद्यार्थियों ने कॉलेज से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोल्डन जुबली समारोह के आमंत्रण के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज परिसर में हुई। समारोह में डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी मुख्य अतिथि रहे, जबकि कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता रही। समारोह में 17वें बैच के पदाधिकारी डॉ. शिव कुमार स्वामी, डॉ. जुगल किशोर सकरवाल, डॉ. गणपत सिंह पुरोहित और डॉ. जतन बाफना भी मौजूद रहे।



