राजस्थान वुशू जजेज ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कोर्स का शुभारंभ
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
राजस्थान वुशू जजेज ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कोर्स का शुभारंभ
बीकानेर, 04 सितंबर। राजस्थान वुशू एसोसिएशन की ओर से आयोजित राजस्थान स्टेट वुशू जजेज ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कोर्स-2026 का शुभारंभ आज होटल राजमहल पैलेस, बीकानेर में हुआ। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 से 6 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान के 19 जिलों से 82 वुशू ऑफिसियल भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में पोखरमल राजरानी गोयल चैरिटेबल ट्रस्ट, बीकानेर के अध्यक्ष एवं होटल राजमहल पैलेस के प्रतिनिधि राजेश गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं शिक्षा विभाग से अंतरराष्ट्रीय रेटेड शतरंज खिलाड़ी अनिल बोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश गोयल ने किया। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना ही वास्तविक स्पोर्ट्स स्पिरिट है। उन्होंने कहा कि निर्णायकों के निर्णय में निष्पक्षता और तटस्थता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण में भाग ले रहे सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए ऑल द बेस्ट कहा।
विशिष्ट अतिथि अनिल बोड़ा ने वुशू को “रियल स्पोर्ट्स ऑफ राजस्थान” बताते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के खेलों में वुशू ने पिछले पांच वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की स्कूल प्रतियोगिताओं में राजस्थान को लगातार प्रथम ट्रॉफी दिलाई है और यह उपलब्धि बिना किसी विवाद के हासिल की गई है। उन्होंने इस अवसर पर बीकानेर वुशू एसोसिएशन का आभार भी व्यक्त किया।
सीनियर इंडियन वुशू टीम के कोच राजेश कुमार टेलर ने राजस्थान में वुशू की अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान से अब तक 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वुशू राजस्थान के लगभग हर जिले से राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर राजस्थान वुशू संघ के ज्यूरी ऑफ अपील के हेड सदस्य श्री शंकर सिंह नरूका एवं राजस्थान सीनियर वुशू टीम के कोच श्री मनजीत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बीकानेर वुशू एसोसिएशन के सचिव गणेश कुमार हर्ष ने बताया कि इस तीन दिवसीय जजेज प्रशिक्षण एवं सर्टिफिकेशन कोर्स में राजस्थान के 19 जिलों से 82 ऑफिसियल भाग ले रहे हैं। इनमें कई ऐसे खिलाड़ी एवं अधिकारी भी शामिल हैं, जो पूर्व में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 6 सितंबर को होगा।
बीकानेर वुशू एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. पुष्पा शर्मा ने राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण देने वाले अंतरराष्ट्रीय वुशू जजेज ललित कुमार, अभिजीत एसवाल एवं अर्केश्वर मेडतवाल का सम्मान भी किया।
कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान में वुशू के निर्णायकों के तकनीकी ज्ञान, नियमों की समझ एवं निर्णय क्षमता को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।



