सपना बेरवाल ने थाईलैंड में राजस्थान का नाम किया रोशन

0
30

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

थाईलैंड में आयोजित एशिया-पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप में सपना बेरवाल को छठा स्थान

बीकानेर, 10 सितंबर। राजस्थान की प्रतिभावान योगासन खिलाड़ी सपना बेरवाल ने थाईलैंड में आयोजित प्रथम वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन फॉर योगासन स्पोर्ट्स एशिया-पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 5 से 9 सितंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

सपना बेरवाल ने अपनी श्रेणी में छठा स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राजस्थान का गौरव बढ़ाया। इससे पूर्व उन्होंने वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन फॉर योगासन स्पोर्ट्स राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया था। राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एशिया-पैसिफिक चैंपियनशिप के लिए हुआ।

सपना बेरवाल की इस उपलब्धि से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर सहित राजस्थान के खेल एवं योग जगत में खुशी की लहर है। उनकी सफलता को समर्पण, अनुशासन, कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है।

सफलता पर सपना बेरवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, परिवार, सहयोगियों तथा अपने जीवनसाथी डॉ. मुकेश बेरवाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, बीकानेर को दिया। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सपना बेरवाल की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here