किशोरियों ने महिला चैम्पियन्स और प्रशासनिक अधिकारियों से किया संवाद

0
10

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय बालिका संवाद आयोजित

टाउनहॉल में किशोरियों ने महिला चैम्पियन्स और प्रशासनिक अधिकारियों से किया संवाद, शिक्षा, सुरक्षा, न्याय और करियर से जुड़े सवालों के मिले जवाब

बीकानेर, 16 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को टाउनहॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में किशोरियों एवं बालिकाओं का विभिन्न खेलों की महिला चैम्पियन्स और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना तथा उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, न्याय और करियर के प्रति जागरूक करना रहा।

उपनिदेशक महिला अधिकारिता डॉ. अनुराधा सक्सेना ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस द्विपक्षीय संवाद का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक अधिकारियों और महिला चैम्पियन्स से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि ‘सशक्त बालिका-सुरक्षित समाज’ के लक्ष्य को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सदैव वंदनीय रही है। आज बालिकाएं शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के बल पर प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश और समाज को सशक्त बना रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। वीणा जोशी नृत्य एकेडमी की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक शुरुआत दी।

सुरक्षा, न्याय और प्रशासन से जुड़े सवालों के मिले जवाब

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती मांडवी राजवी ने बालिकाओं द्वारा न्याय एवं सुरक्षा से संबंधित पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्हें न्यायिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) रीना छींपा ने बालिकाओं को अपनी जिज्ञासाएं खुलकर व्यक्त करने और प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि बालिकाएं देश का भविष्य हैं। मजबूत नींव पर ही सशक्त समाज और देश का निर्माण संभव है।

साइबर सेल की उप पुलिस अधीक्षक शालिनी बजाज ने महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बालिकाओं को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने की सलाह दी।

अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शिव शंकर चौधरी ने शिक्षा विभाग से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, एशियन एथलेटिक्स से जुड़ी सुश्री बसंती कुमावत और सुश्री पाना देवी ने खेलों से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

करियर और शिक्षा की योजनाओं पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम के साथ किशोरियों एवं महिलाओं के लिए बालिका शिक्षा से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें शिक्षा के महत्व और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न महाविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आई छात्राओं ने करियर निर्माण और जीवन में सफलता प्राप्त करने से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्न पूछने वाली बालिकाओं टीना, अंशु, वंशिका, अनिमा, दीपिका भाटी, ललिता सारण और ज्योत्स्ना राजपुरोहित को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन श्री ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। महिला अधिकारिता प्रचेता श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग के कार्मिकों के साथ श्री कार्तिक बोहरा, सखी वन स्टॉप सेंटर प्रथम एवं द्वितीय के केंद्र प्रबंधक और काउंसलर तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र और महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के कार्मिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here