पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री निवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

0
5

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर जिले की पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री निवास पर महत्वपूर्ण बैठक

पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने पर हुआ मंथन

जयपुर 06 अक्टूबर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आज बीकानेर जिले की पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा नोखा से भाजपा प्रत्याशी व प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई उपस्थित रहे।

बैठक में बीकानेर जिले की पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं जिला प्रमुख पदों के चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की चुनावी स्थिति, संगठनात्मक तैयारियों एवं स्थानीय समीकरणों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। खाजूवाला क्षेत्र में सिंचाई जल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नोखा एवं श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को समाधान हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। वहीं कोलायत लिफ्ट परियोजना के सुचारू संचालन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से बीकानेर जिले में पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनावी तैयारियों एवं संगठनात्मक समन्वय को लेकर अपने सुझाव रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जुटने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिले की संगठनात्मक गतिविधियों एवं चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं और जिले में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने दी जानकारी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here