मेले में व्यापारियों को मिल रहा शहरवासियों का समर्थन

0
6

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर शॉपिंग मेले में स्थानीय व्यापारियों को मिल रहा शहरवासियों का समर्थन

खरीदारी के साथ बढ़ रहा ग्राहकों और व्यापारियों का विश्वास, 1 नवंबर को व्यापारिक मिलन में कारोबारी देंगे अपने व्यवसाय का परिचय

बीकानेर, 31 अक्टूबर। स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहन देने और उनके उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बीकानेर शॉपिंग मेला शहरवासियों का समर्थन जुटा रहा है। रोटरी भवन, सादुलगंज में चल रहे मेले में आमजन खरीदारी के माध्यम से स्थानीय कारोबारियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स की ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम से जुड़कर शहरवासी स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

मेले में श्रमिकों से लेकर चिकित्सकों, अभियंताओं और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों की दैनिक जरूरतों की अनेक वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। एक ही परिसर में विविध उत्पादों की उपलब्धता ग्राहकों को खरीदारी का अवसर दे रही है। साथ ही व्यापारी अपने उत्पादों की विशेषताओं की जानकारी सीधे ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं।

व्यापारिक मिलन में 30 सेकंड में देंगे व्यवसाय का परिचय

लोकराग फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद आचार्य ने बताया कि 1 नवंबर को मेले में व्यापारिक मिलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें बीकानेर जिले के स्थानीय व्यापारी 30 सेकंड में अपने व्यवसाय का परिचय देंगे। इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों के बीच परिचय, संवाद और आपसी सहयोग बढ़ाना तथा नए व्यावसायिक अवसरों की संभावनाएं विकसित करना है।

संगीत कार्यक्रम ने बढ़ाया मेले का आकर्षण

लोकराग फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष योगेश खत्री के निर्देशन में संगीत कार्यक्रम संपन्न हुआ। खरीदारी के साथ संगीत की प्रस्तुतियों ने मेले के वातावरण को उल्लासपूर्ण बनाया। फाउंडेशन के सचिव विनय थानवी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्राहकों और व्यापारियों का एक-दूसरे के प्रति विश्वास बढ़ता है। प्रत्यक्ष संवाद से ग्राहकों को उत्पादों को समझने और व्यापारियों को उनकी जरूरतों को जानने का अवसर मिलता है।

आयोजन में रोटरी रॉयल्स के विपिन लड्ढा, राजेश पारीक, पुनीत खत्री एवं ज्योति प्रकाश रंगा की उल्लेखनीय भागीदारी रही। लोकराग फाउंडेशन के निदेशक नरेश मारू का भी विशेष सहयोग रहा।

सहयोगियों की भागीदारी से मिल रहा संबल

मेले के आयोजन में श्रीनाथ सॉल्यूशन्स के निदेशक मुरली पंवार, ड्रीम ल्यूमिना के निदेशक विक्की जैन, करणी कृपा एवं गुरु कृपा हार्डवेयर के सुनील चमड़िया, डॉ. एल.सी. बैद, डॉ. श्याम अग्रवाल, जॉनी साधवानी, जगदीश सेवग एवं डॉ. शांतनु मिश्रा का सहयोग है।

साथ ही एसआईपी वाला के निदेशक राजेश पारीक, शू डॉट कॉम के दिनेश बदलानी, राधे कृष्णा रेस्टोरेंट के श्रीराम चौधरी, बीकानेर फ्रेश के निदेशक विनोद बाफना तथा गोयमो के निदेशक राजेश गोयल भी आयोजन को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

मेले का समय सुबह 11 से रात 11 बजे तक

बीकानेर शॉपिंग मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। शहरवासी परिवार सहित मेले में पहुंचकर खरीदारी, खानपान और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे।

तंबोला में आगंतुकों ने जीते उपहार, खेल बना आकर्षण का केंद्र

बीकानेर शॉपिंग मेले में आयोजित तंबोला खेल आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उपहार जीते। खरीदारी के साथ मनोरंजन के इस आयोजन ने मेले की रौनक बढ़ाई। तंबोला के संचालन की जिम्मेदारी श्वेता पीत्ती एवं प्रियंका खत्री ने संभाली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here