टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
दीपावली पर सफाई कर्मचारियों के सम्मान में आगे आए पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, तिलक लगाकर किया अभिनंदन और बांटी मिठाई व उपहार
बीकानेर, 07 नवंबर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के प्रति सम्मान एवं आभार प्रकट करने का पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए चौखूंटी मोहल्ला स्थित वार्ड नं. 70 के पार्षद जनसेवा केंद्र में वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के सम्मान में एक भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित ने सभी सफाई कर्मचारियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया तथा मिठाई एवं उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस दौरान पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी वार्ड के असली कर्मयोगी हैं। जब पूरा शहर अपने घरों में त्योहार की खुशियां मनाता है, तब यही कर्मचारी हमारे आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। इनके परिश्रम और समर्पण के बिना स्वच्छ वार्ड की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि सफाई कर्मचारी केवल अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं करते, बल्कि पूरे समाज के स्वास्थ्य और स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाते हैं। दीपावली जैसे पावन अवसर पर इनके चेहरों पर मुस्कान लाना और इन्हें सम्मान देना मेरे लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि वार्ड का प्रत्येक सफाई कर्मचारी स्वयं को परिवार का हिस्सा महसूस करे। सम्मान और अपनत्व के ये छोटे-छोटे प्रयास ही समाज में इंसानियत, भाईचारे और सकारात्मकता को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वार्ड की स्वच्छता में जिन हाथों का सबसे बड़ा योगदान है, उनका सम्मान करना हम सभी का पहला दायित्व है।
सफाई कर्मचारी सम्मान के हकदार हैं, क्योंकि स्वच्छता केवल उनका काम नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।





