रिटर्निंग एवं सहायक रिटनिंग अधिकारियों का प्रशिक्षण
टुडे राजस्थान न्यूज़
श्री डूंगरगढ़, 18 नवम्बर । पंचायत राज संस्थाओं के अन्तर्गत श्री डूंगरगढ़ पंचायत समिति की पंचायतों में रिक्त पंच पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए उप खंड अधिकारी कार्यालय में रिटर्निंग एवं सहायक रिटनिंग अधिकारियों का प्रशिक्षण शुक्रवार को आयोजित किया गया। उपखण्ड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आयोग द्वारा तय समय-सारणी के अनुसार नाम निर्देशन की प्राप्ति, संवीक्षा एवं चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य किया जाए। नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति के समय ध्यानपूर्वक जांच की जाए तथा किसी प्रकार की कमी होने पर पूर्ति करवाना सुनिश्चित करें। तहसीलदार राजवीर सिंह ने समस्त प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करने के निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन प्रशिक्षक डॉ. राधाकिशन सोनी ने नाम निर्देशन, संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया तथा अभ्यर्थी की पात्रता एवं अपात्रता, प्ररूप 4, 4 घ, 7, क्रियाशील स्वच्छ शौचालय की घोषणा, सांख्यकीय सूचना-प्रपत्र, निर्वाचित अभ्यर्थी द्वारा शपथ, निर्वाचन प्रमाण-पत्र आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गौरतलब है कि सुरजनसर पंचायत के वार्ड नं 4 (सामान्य), धनेरू पंचायत के वार्ड नं 5 (सामान्य), लखासर पंचायत के वार्ड नं 6 (अ. जा.) एवं बाना पंचायत के वार्ड नं 7(अ. पि. व.) के पंच पदों के लिए दिनांक 19 नवम्बर, शनिवार को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक नाम निर्देशन प्राप्त कर दिनांक 20 नवम्बर को प्रातः 10 बजे संवीक्षा की जाएगी। अपराह्न 3 बजे तक नाम वापिस लिया जा सकेगा। एकाधिक अभ्यर्थी होने पर 25 नवम्बर को मतदान होगा।



