श्रीगुसांईं जी महाराज का वार्षिक जम्मा 11 को, गुड़ के खीचड़े का लगेगा भोग

0
193

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर, 08 फ़रवरी। श्री कोलायत तहसील के बलाला गांव में स्थित श्री गुसांईंजी बाबा के मंदिर का वार्षिक जम्मा 11 फरवरी, 2024 माघ सुदी द्वितीया रविवार को धूमधाम से और श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर दिन भर चलने वाले पूजन अर्चन कार्यक्रम के तहत प्रातः काल में बाबे की पावन जोत का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात दिनभर श्रद्धालुओं द्वारा बाबा के दर्शन और पूजन अर्चन का कार्यक्रम चलेगा। सायं कालीन सत्र में बाबे की महाजोत और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आरती के पश्चात साथ महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। बाबे विशिष्ट प्रसादी में बाजरे और गुड़ का मीठा खीचड़ा बनाया जाता है। जिसकी प्रसादी श्रद्धालु तिल के तेल के साथ बहुत रुचिपूर्वक लेते हैं।

इसके पश्चात रात्रि में बाबे का जम्मा जागरण चलता है। जिसमें ग्रामीण कामड़िया जाति के श्रद्धालुओं और अन्य भजन गायकों द्वारा बाबे की भजनों की प्रस्तुतियां दी जाती हैं। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी हनुमान दास सुथार ने बताया कि यह मंदिर विष्णु भगवान के पांचवें अवतार वामन भगवान श्री गुसांईंजी महाराज का मंदिर है। माघ सुदी द्वितीया के अवसर पर आयोजित श्रीगुसांईंजी महाराज के वार्षिक जम्मे में बीकानेर शहर सहित नाल, सालासर, नाईबस्ती, कोटड़ा, चांडासर, गजनेर, खारी आदि आस पास के विभिन्न गांवों से यहां पर श्रद्धालु गुसांईंजी महाराज का दर्शन करने और महाप्रसादी लेने आते हैं।
उल्लेखनीय है कि लगभग 500 साल पुराने इस मंदिर में स्थानीय सालासर गांव के बरड़वा गोत्र के सुथारों द्वारा पूजन-अर्चन किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here