पान मसाला एवं जर्दा किया ज़ब्त, 59.06 लाख का वसूला जुर्माना
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
सेंट्रल जी. एस. टी. संभाग बीकानेर ग्रामीण द्वारा जप्त किया गया कर चोरी का पान मसाला एवं जर्दा 59.06 लाख का वसूला जुर्माना
बीकानेर 10 सितंबर । अभी हाल में ही 56 वीं जी. एस. टी. काउंसिल द्वारा “सिन गुड्स”/डी मार्ट गुड्स” जैसे पान मसाला,जर्दा, तम्बाकू उत्पादों पर जी. एस. टी की वर्तमान दर 28 %को 40% किए जाने के प्रस्तावों के मद्देनजर इन उत्पादों की अवैध सप्लाई बढ़ने की आशंका को देखते हुए सेंट्रल जी. एस. टी. जोधपुर के प्रधान आयुक्त सु. अनंत कृष्णन एवं मुकेश कटारिया, अपर आयुक्त(एंटीविजन) जोधपुर द्वारा इस संबंध में इन उत्पादों की आवाजाही चेक करने हेतु निर्देश दिए गए।

भूपेंद्र छीपा,सहायक आयुक्त,सेंट्रल जी. एस. टी. बीकानेर ग्रामीण ने बताया कि इन निर्देशों की अनुपालना में चेकिंग कार्यवाही करने के दौरान जयपुर रोड पर एक कंटेनर,जिसमें बिना बिल का तिरसठ लाख रुपए का पान मसाला जर्दा भर हुआ था,जप्त किया गया और इस जप्त पान मसाले व जर्दे पर उनसठ लाख छह हजार आठ सौ अस्सी रुपए की पेनल्टी वसूली गई। इस कर चोरी के पान मसाले व जर्दे पर उनतीस लाख तिरेपन हजार चार सौ चालीस रूपये की कर देयता भी है।

यह कार्यवाही संभाग की एंटी ईवेजन शाखा के संजय कुमार सोनी,अधीक्षक के नेतृत्व में अतुल गोयल, निरीक्षक, सूर्य प्रकाश बिश्नोई, कार्यकारी सहायक, महेश कुमार जावा,हेड हवलदार एवं कन्हैया लाल देवड़ा, हेड हवलदार की टीम द्वारा की गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार 56वीं जी. एस. टी. काउंसिल के निर्णयों के मद्देनजर इस प्रकार की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।




