भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास और विकास की जीत – डॉ. आचार्य
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
भाजपा की प्रचंड विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास और विकास की जीत – डॉ. आचार्य
बीकानेर 04 मई। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को नगर निगम के सामने उम्मेद मिष्ठान भंडार के पास जश्न मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी के साथ आमजन को मिठाई खिलाई और गुलाल लगाकर एक दूसरे को जीत की बधाईयां दी।
भारी बहुमत से हुई विजय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने इसे जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और विकास की जीत बताया।

भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन के प्रेरणा पुंज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पश्चिम बंगाल में कमल का खिलना एक नए राजनैतिक युग की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के साथ ही असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार एनडीए गठबंधन की सरकार बनना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की अटूट मुहर है।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पड़िहार, अजय खत्री, मोहित राजपुरोहित, मनीष आचार्य, ज्ञानप्रकाश यादव, सोहनलाल कच्छावा इत्यादि कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की अभूतपूर्व विजय पर जश्न मनाते हुए बधाई दी।



