बंगला नगर में दूषित पानी की समस्या को लेकर किया प्रदर्शन

0
9

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर 02 जून । वार्ड 19 (बंगला नगर) में दूषित पानी व कम दबाव की समस्या को लेकर फूटा आक्रोश; पार्षद माणकलाल कुमावत के नेतृत्व में जलदाय विभाग पर प्रदर्शन

  • विधायक जेठानंद व्यास को सौंपा ज्ञापन; विधायक ने जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों को फोन पर दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
  • शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र जन-आंदोलन की दी चेतावनी

बीकानेर, 02 जून। बीकानेर के वार्ड संख्या 19, बंगला नगर क्षेत्र में पिछले लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट, कम दबाव (लो-प्रेशर) और बदबूदार दूषित पानी की आपूर्ति से परेशान मोहल्लेवासियों का गुस्सा आज फूट पड़ा। सोमवार को वार्ड पार्षद श्रीमान माणकलाल कुमावत के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में क्षेत्र की महिलाओं और पुरुषों ने नया शहर स्थित जलदाय विभाग (PHED) कार्यालय पर ज़ोरदार प्रदर्शन किया और मटके फोड़कर अपना रोष व्यक्त किया।

मात्र 5-7 मिनट तक आ रहा है पानी वह भी बदबूदार:
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्षद माणकलाल कुमावत ने कहा कि पूरे शहर में पानी की व्यवस्था सुचारू होने के बावजूद वार्ड नंबर 19 के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जलदाय विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते क्षेत्र में मात्र 5 -7 मिनट ही पानी की सप्लाई दी जाती है और तुरंत प्रभाव से पाइपलाइन बंद कर दी जाती है। पर्याप्त मात्रा में पानी न मिलने और ऊपर से बेहद गंदा व बदबूदार पानी आने के कारण पूरे मोहल्ले में बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। जनता इस भीषण गर्मी में त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन विभाग मूकदर्शक बना बैठा है।

विधायक सेवा केंद्र पर दिया ज्ञापन, विधायक ने अधिकारियों को किया तलब:
जलदाय विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन के पश्चात सैकड़ो मोहल्लेवासी रैली के रूप में विधायक सेवा केंद्र पहुंचे। वहाँ पार्षद माणकलाल कुमावत के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री जेठानंद व्यास से मुलाकात की और उन्हें अपनी पीड़ा बताते हुए ज्ञापन सौंपा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक जेठानंद व्यास ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मौके से ही फोन पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE), अधिशाषी अभियंता (XEN) और सहायक अभियंता (AEN) को सख्त लहजे में अवगत करवाया और फटकार लगाई। विधायक ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि बंगला नगर क्षेत्र में तुरंत पेयजल व्यवस्था को सुचारू किया जाए, पानी की समयावधि बढ़ाई जाए और शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बड़े जन-आंदोलन की चेतावनी:
पार्षद माणकलाल कुमावत ने विभाग और प्रशासन को चेताया है कि यदि आगामी कुछ दिनों में वार्ड नंबर 19 में पर्याप्त और स्वच्छ पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो आने वाले समय में मोहल्ले वासियों को साथ लेकर जलदाय विभाग का घेराव किया जाएगा और एक बड़ा उग्र जन-आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ो की संख्या में मातृशक्ति (महिलाएं) और युवा उपस्थित रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here