चामुण्डा भैरव थान में गूंजा “नंद के आनंद भयो” का जयघोष

0
5

टुडे राजस्थान न्यूज़ ( अज़ीज़ भुट्टा )

चामुण्डा भैरव थान में गूंजा “नंद के आनंद भयो” का जयघोष

जनसारी सिन्धी समाज ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

बीकानेर, 05 सितम्बर। जनसारी सिन्धी समाज की ओर से चामुण्डा भैरव थान में दिनांक 04 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांयकाल से मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, नृत्य नाटिका एवं कराओके संगीत सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्तजनों ने भक्ति गीतों एवं भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया। नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियों ने आयोजन में आध्यात्मिकता के साथ उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव रहा। मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ क्षण आया, पूरा मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में हर्षोल्लास के साथ जयकारे लगाए।

इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत हो गया। महाआरती के पश्चात उपस्थित सभी भक्तजनों के मध्य प्रसाद वितरण किया गया।

जनसारी सिन्धी समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं एवं भक्तजनों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, संस्कार एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here