टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
बीकानेर, 14 नवंबर। भारत-पाक युद्ध 1971 में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले वीर चक्र से सम्मानित शहीद ग्रेनेडियर रफीक खान समेजा की 55वीं शहादत वर्षगांठ पर आज वीर शहीद रफीक खान समेजा सेवा संस्थान के तत्वावधान में शहीद रफीक खान राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिडमलसर सिपाहियान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कर्मचारी नेता अयूब अली ढूढी ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लेकर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनकी शहादत को नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि कर्नल मोहन सिंह धुपालिया ने शहीद रफीक खान समेजा के अदम्य साहस, देशभक्ति, सैन्य पराक्रम एंव सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि शहीद किसी एक परिवार, समाज या समुदाय की धरोहर नहीं होते, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की अमूल्य विरासत होते हैं। उनका बलिदान आने वाली पीढिय़ों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
सरपंच किशनलाल मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि रिडमलसर सिपाहियान की धरती के वीर सपूत शहीद रफीक खान समेजा ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह पूरे क्षेत्र और बीकानेर के लिए गर्व की बात है। हमें उनके नाम,सम्मान और शौर्यगाथा को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए।
पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सेना का गौरव उसके वीर सैनिकों के साहस,अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान में निहित है।शहीद रफीक खान समेजा जैसे वीर जवानों की शौर्यगाथा देश के युवाओं में राष्ट्रसेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जागृत करती है।उनका बलिदान सदैव भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास में याद रखा जाएगा।

पूर्व सरपंच सलीम कल्लर एंव हनीफ भाटी ने कहा कि शहीद रफीक खान समेजा ने अपने प्राणों की आहुति देकर पूरे क्षेत्र का नाम देशभर में गौरवान्वित किया।शहीदों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।उनके नाम और स्मृतियों को जीवित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इतिहासकार मईनूदीन कोहरी एंव प्रोफेसर सलवीर समेजा ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद रफीक खान समेजा का बलिदान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं,बल्कि देशभक्ति,साहस, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का जीवंत संदेश है। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत को जाति,धर्म और समुदाय के दायरे में नहीं बांधा जा सकता। शहीद पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं।आवश्यकता है कि हम उनके जीवन और बलिदान की गाथा को विद्यालयों,सामाजिक संस्थाओं और युवा पीढ़ी तक पहुंचाएं,ताकि आने वाली पीढिय़ां भी उनसे प्रेरणा ले सकें।

गुलजार अहमद सम्मा एंव कांग्रेस नेता फ़िरोज भाटी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शहीद रफीक खान समेजा का जीवन और बलिदान समाज के लिए गौरव का विषय है।उनकी स्मृतियों को संजोना और उनके सम्मान को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि सभाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके नाम, इतिहास और बलिदान को स्थायी रूप से संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उल्लेखनीय है कि शहीद ग्रेनेडियर रफीक खान समेजा का जन्म 27 दिसंबर 1949 को हुआ था। वे भारतीय सेना की 5 ग्रेनेडियर्स बटालियन में सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए 14 नवंबर 1971 को मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके असाधारण शौर्य और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के तीसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शौकत अली भाटी, उमरदराज पठान, असलम तंवर, मेंराज भाटी, बाबर कोहरी, फिरदोष टावरी, मकसूद अली कोहरी, गफूर खां समेजा, कुंवर नियाज पड़िहार, अकरम समेजा, शहजाद भुट्टा, फिरोज समेजा, बी डी राजड़, लियाकत कोहरी, मुख्तयार अली पड़िहार, विक्की भाटी, बशीर अब्बासी, जाकिर खालत, जाकिर तवंर, शोफीन भाटी सहित काफी बन्धु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शहीद रफीक खान समेजा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और उनकी शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट मेंहदी हसन सम्मा ने किया।





