युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति करेंगे जागरुक

0
296



बीकानेर, 07 अप्रैल। शहरी क्षेत्र के युवाओं में खेलों और फिटनेस के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला क्रीड़ा परिषद की गुरूवार को आयोजित बैठक के दौरान जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के बेहतर अवसर मिले, इसके मद्देनजर परिषद द्वारा ऐसी गतिविधियों की रूपरेखा निर्धारित की जाए। इसमें विभिन्न खेल संघों तथा खेल आयोजन संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाए। इन गतिविधियों में अधिक से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्टर ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में पुलिस चौकी स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की तथा पुलिस द्वारा इस संबंध में नियमानुसार कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। बैठक के दौरान पे एंड प्ले स्कीम, खेल सुविधाओं के लिए स्टेडियम का किराया सुनिश्चित करने, राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के तहत पंजीकरण की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2021-22 में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर स्टेडियम निर्माण तथा वर्ष 2022-23 की बजट घोषणा की अनुपालना में जिला स्टेडियम में ओपन जिम स्थापित करने संबंधी कार्यवाही पर चर्चा की। जिला खेल अधिकारी कपिल मिर्धा ने जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) अमित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुरेन्द्र सिंह भाटी सहित खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here