सुषमा जैन की प्राकृतिक दृश्यों से जुड़ी कलाकृतियों में रंगों का संयोग उत्तमोत्तम है
टुडे राजस्थान न्यूज़
बीकानेर 18 नवंबर । प्रख्यात चित्रकार सुषमा जैन के प्रकृति चित्रों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी “क्रिएशन” का शुभारंभ शुक्रवार को राजमाता सुदर्शना कुमारी कला दीर्घा नागरी भंडार मे हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ शिक्षा मंत्री डॉ. बी डी कल्ला ने किया ।


मुख्य अतिथि डॉ. बी डी कल्ला ने कहा कि श्रीमती सुषमा जैन की प्राकृतिक दृश्यों से जुड़ी कलाकृतियों में रंगों का संयोग उत्तमोत्तम है उसे देखकर ऐसा लगता है कि प्रदर्शनी में प्रकृति स्वयं उतर आई है । उन्होंने कहा कि व्यक्तिचित्र तथा वन्य जीवों से जुड़ी चित्रकृतिया भी अति उत्तम है । कल्ला जी ने चित्रकार सुषमा जैन द्वारा प्रदर्शनी में चित्रकृतियो से प्राप्त आय को जन कल्याण में समर्पित करने की घोषणा की सराहना की ।

कार्यक्रम में संयोजक शिक्षाविद वाई के जैन ने डॉ. कल्ला को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया । जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में सुषमा जैन के 43 प्रकृति चित्र प्रदर्शित किए गए जो बीकानेर, सिंगापुर, प्राग (यूरोप) में सृजित किए गए है । चित्रों में मिक्स मीडिया का प्रयोग किया गया है । एक ही चित्र में भिन्न प्रकृति के रंगों का प्रयोग किया गया है । सुषमा जैन के चित्र प्रकृति की छटाओं सेे ओत प्रोत है । कार्यक्रम में प्रखर युवा नेता अनिल कल्ला, चित्रकार महावीर स्वामी, पृथ्वी राजपुरोहित, कवि कथाकार राजाराम स्वर्णकार,कलाप्रेमी शिप्रा ,सेठ तोलाराम बाफना स्कूूल, गंगाशहर के सी ई ओ एवं प्राचार्य डॉ. पी एस वोहरा एवं स्कूल के फाइन आर्ट के छात्र छात्राएं शामिल थे । सुषमा जैन ने बताया कि चित्रों से प्राप्त सम्पूर्ण राशि जन कल्याण कार्यों में समर्पित होगी । सुषमा जैन अपने प्रकृति चित्रों के साथ अभी बीकानेर में है ।

प्रवक्ता अशफाक कादरी ने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समय प्रात: 11 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा । प्रदर्शनी का समापन 20 नवंबर की शाम होगा । सेठ तोलाराम बाफना स्कूूल, गंगाशहर में उप प्राचार्य रही सुषमा जैन के चित्रों की प्रदर्शनी पूर्व में बीकानेर मेंं कला दीर्घा में आयोजित हो चुकी है ।




