18 वर्ष से कम आयु में वाहन चलाते पाए गए तो होगी कड़ी कार्रवाई

0
369


टुडे राजस्थान न्यूज़
बीकानेर, 20 फरवरी। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु में कोई यदि दुपाहिया या अन्य वाहन चलाता पाए जाए तो वाहन सीज करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
सड़क सुरक्षा समिति की सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने ट्रैफिक पुलिस को इस संबंध में सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि नियम तोड़ने वालों में पुलिस का भय रहना चाहिए।


रोड सेफ्टी रिपोर्ट की अनुपालना के लिए संयुक्त निरीक्षण के निर्देश
भगवती प्रसाद कलाल ने रोड सेफ्टी रिपोर्ट की अनुपालना के लिए संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्व में ज्वाइंट विजिट की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है। इसे गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि हर माह के हर दूसरे शनिवार को एन एच और चौथे शनिवार को एन एच ए आई की संयुक्त विजिट की जाए। इस भ्रमण के दौरान ब्लैक स्पाट पर साइनेज, लाइट, कामिंग जोन निर्धारण, सड़क किनारे झाड़ झंकाड की साफ़ सफाई, कैट आइज लगवाने , अवैध कट सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े समस्त बिन्दुओं का समीक्षा हों।
जिला कलक्टर ने कहा कि शहर में सुचारू और व्यवस्थित ट्रैफिक के लिए ट्रैफिक पुलिस रैंडम चैक करें जिससे पुनः अव्यवस्था ना बने।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाएं हेलमेट जांच का सघन अभियान
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस सभी एन एच और एन एच ए आई के टोल नाकों पर पुलिस कार्मिक की राउंड द क्लोक ड्यूटी लगाएं।‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌‌ बिना हेलमेट लगाए जाने वाले दुपहिया वाहन सवार का चालान काटें अथवा जागरूकता फिल्म दिखाई जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों व ब्लैक स्पाट पर सख्ती दिखाते हुए चालान में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करें और इसकी अनुपालना रिपोर्ट अनिवार्यतः प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने बीकानेर- श्रीडूंगरगढ़ मार्ग सड़क पर बढ़ती दुघर्टनाओं के मद्देनजर संयुक्त निरीक्षण के भी निर्देश दिए।

नियमित रूप से लगे नेत्र जांच शिविर
भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि चिकित्सा विभाग वाहन चालकों में दृष्टि दोष जांच हेतु नियमित नेत्र जांच शिविर लगाएं और मौके पर ही आवश्यकतानुसार चश्मा उपलब्ध करवाया जाए।
जिला कलक्टर ने जिले के समस्त राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित ढाबों के आगे रैलिंग लगवाते हुए रिफ्लेक्टर लगवाना सुनिश्चित करने के लिए सभी उपखंड़ अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) हरिशंकर, नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहूजा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी मुकेश गुप्ता, डी टी ओ भारती नथानी, एन एच ,एन एच ए आई अभियंता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पीडब्ल्यूडी , यूआईटी के विभिन्न कार्यों की समीक्षा
जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर विकास न्यास, आरएसएलडीसी सहित द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की और गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here