विधायक व्यास ने लिया हेरिटेज वॉक की तैयारियों का जायजा

0
250

टुडे राजस्थान न्यूज़ ( अज़ीज़ भुट्टा )

बीकानेर, 29 दिसंबर। बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास ने अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के पहले दिन होने वाले हेरिटेज वॉक के रूट की तैयारियों का जायजा लिया। इसके लिए विधायक व्यास नगर निगम, नगर विकास न्यास तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ रामपुरिया हवेलियां के पास पहुंचे और अब तक की तैयारियां जानी।


विधायक व्यास ने कहा कि ऊंट उत्सव बीकानेर की संस्कृति का दर्पण है। इसके माध्यम से देशी और विदेशी पर्यटक यहां की समृद्ध विरासत से रूबरू होते हैं। इसके मध्यनजर सभी आयोजन वृहद स्तर पर किए जाएं।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय ऊंट उत्सव के पहले दिन 12 जनवरी को रामपुरिया हवेलियों के आगे से हेरिटेज वॉक की शुरुआत होगी। यह मोहता चौक, सब्जी बाजार, चूड़ी बाजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर के आगे होती हुई बीकाजी की टेकरी तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हेरिटेज वॉक के दौरान स्थानीय उस्ता और मथेरन जैसी कलाओं तथा स्थानीय लोक कलाओं का प्रदर्शन किया जाए। उन्होंने समूचे हेरिटेज वॉक क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क दुरुस्तीकरण तथा सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्दी ही उनके द्वारा समूचे रूट का जायजा लिया जाएगा। इसके मद्देनजर सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


उन्होंने ऊंट उत्सव के दौरान धरणीधर मैदान में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या की तैयारियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि उत्सव में शहरी क्षेत्र के लोगों की पर्याप्त भागीदारी रहे, इसके मद्देनजर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार हो। शहरी क्षेत्र में अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त केसर लाल मीणा, नगर विकास न्यास सचिव मुकेश बारहठ, पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद व्यास, पार्षद किशोर आचार्य, गोपाल आचार्य गौरीशंकर व्यास आदि साथ रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here