जिला अस्पताल में 24×7 डिजिटल एक्सरे की सुविधा शुरू

0
8

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए नई सौगात

जिला अस्पताल में 24×7 डिजिटल एक्सरे की सुविधा शुरू

विधायक जेठानन्द व्यास और संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की पहल

बीकानेर, 30 अप्रैल। शहरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत होने जा रही है। विधायक जेठानन्द व्यास एवं संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की पहल पर एसडीएम जिला अस्पताल में एक मई से चौबीस घंटे डिजिटल एक्सरे सेवा प्रारंभ की जाएगी।
यह सुविधा आपातकालीन सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले में पीबीएम अस्पताल के बाद एसडीएम जिला अस्पताल दूसरा सरकारी अस्पताल होगा, जहां आमजन को 24×7 डिजिटल एक्सरे सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे विशेष रूप से रात के समय दुर्घटना या आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें एक्सरे के लिए अन्यत्र भटकना नहीं पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं विधायक जेठानन्द व्यास द्वारा इस सुविधा की मांग रखी गई थी, जिसे 13 मार्च को आयोजित आरएमआरएस बैठक में संभागीय आयुक्त द्वारा अनुमोदित किया गया। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने भी इस सुविधा को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए गए हैं। वर्तमान में आपातकालीन इकाई में प्रतिदिन औसतन 300 से 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं, जिनमें से लगभग 10 प्रतिशत को एक्सरे की आवश्यकता होती है। अब इन मरीजों का एक्सरे जिला अस्पताल में ही कर तुरंत उपचार संभव होगा, जिससे समय की बचत होगी और मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

वरिष्ठ रेडियोग्राफर सुशील मोयल ने बताया कि डिजिटल एक्सरे सेवा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा 24 घंटे सेवा संचालन हेतु रेडियोग्राफर्स का रोस्टर तैयार किया जा रहा है।
यह नई सुविधा शहरी क्षेत्र के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here