टीम ऑवर फ़ॉर नेशन ने हर्षोल्लाव तालाब में किया श्रमदान
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
हर्षोल्लाव तालाब पर स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान संपन्न
विधायक जेठानंद व्यास सहित नागरिकों ने किया श्रमदान, अगले रविवार को भी जारी रहेगा अभियान
बीकानेर, 14 जून। अमृतम् जलम् अभियान के सहयोग से टीम ऑवर फॉर नेशन द्वारा आज हर्षोल्लाव तालाब, श्रीरामसर रोड पर व्यापक स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए टीम पिछले कई महीनों से शहर के विभिन्न तालाबों एवं उनमें आने वाले जलमार्गों की सफाई का कार्य कर रही है, ताकि वर्षा जल बिना किसी अवरोध के जलाशयों तक पहुंच सके और जल संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिले।

आज के अभियान की विशेष उपलब्धि यह रही कि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास अपने सहयोगियों के साथ अभियान में शामिल हुए। उन्होंने केवल उपस्थिति दर्ज कराने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि अन्य स्वयंसेवकों की भांति श्रमदान करते हुए सफाई कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनकी सहभागिता ने उपस्थित नागरिकों एवं युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
अभियान में हर्षोल्लाव तालाब ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया। विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ इंटर्नशिप कर रहे युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से देवकिशन तंवर एवं प्रणव अग्रवाल ने उल्लेखनीय श्रमदान कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

नगर निगम बीकानेर का सहयोग भी अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण रहा। निगम द्वारा जेसीबी मशीनें, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, डम्पर एवं आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराए गए, जिससे बड़े स्तर पर सफाई कार्य संभव हो सका। स्वयंसेवकों और निगम कर्मियों के संयुक्त प्रयास से तालाब क्षेत्र एवं जलमार्गों से बड़ी मात्रा में कचरा, मलबा एवं अवरोधक सामग्री हटाई गई।
अभियान में मो. हसन, डॉ. बृजेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. विशाल मलिक, देवकिशन तंवर, भवानी सिंह राजपुरोहित, किशोर भाटिया, सीए वसीम, सुरभि शर्मा, कपिला शर्मा, मानक व्यास, वंदना शर्मा, बसंत, सीए सुधीश शर्मा, चंद्रकला उपाध्याय, पुरुषोत्तम शर्मा एवं प्रणव अग्रवाल सहित अनेक जागरूक नागरिकों ने श्रमदान किया।
सफाई कार्य का एक हिस्सा अभी शेष है। इस कारण सभी सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि अगले रविवार को और अधिक संसाधनों तथा व्यापक जनभागीदारी के साथ पुनः अभियान चलाया जाएगा, ताकि मानसून से पूर्व शेष कार्य भी पूर्ण किया जा सके।

इस अवसर पर टीम ऑवर फॉर नेशन ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग सामूहिक सहभागिता से ही प्रशस्त होता है।
टीम ऑवर फॉर नेशन
हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम।
शिकायत नहीं, सहयोग।



