हवाई सेवाओं में बीकानेर राजस्थान का सबसे पिछड़ा शहर -पचीसिया

0
12

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

हवाई सेवाओं में बीकानेर राजस्थान का सबसे पिछड़ा शहर –पचीसिया
औद्योगिक व व्यापारिक विकास हेतु महानगरों से कनेक्टिविटी आवश्यक : किराड़ू
बीकानेर 15 जून । बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मिलकर बीकानेर की हवाई सेवाओं को महानगरों से जोड़ने हेतु निवेदन किया । अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि केंद्र सरकार से RCS-UDAN 5.0 के अंतर्गत आवंटित बीकानेर–सूरत एवं बीकानेर–मुंबई हवाई मार्गों को SpiceJet से वापस लेकर अन्य हवाई सेवा प्रदाता कम्पनी को आवंटित करवाने की अनुशंषा की जाए क्योंकि बीकानेर–सूरत/ बीकानेर–मुंबई हवाई मार्ग को RCS-UDAN 5.0 योजना के अंतर्गत SpiceJet को आवंटित किया गया था ।

एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी लेटर ऑफ अवार्ड दिनांक 25 जुलाई 2023 के Annexure-A में यह मार्ग रुट नम्बर 51 सूरत–बीकानेर के रूप में स्पष्ट रूप से दर्ज है । लेकिन खेद का विषय है कि आवंटन के लगभग तीन वर्ष बाद भी स्पाइस जेट द्वारा इस मार्ग पर अब तक उड़ान सेवा प्रारंभ नहीं की गई है, जिससे बीकानेर एवं आसपास के नागरिक इस महत्वपूर्ण हवाई सेवा से वंचित हैं । इस रूट को स्पाइसजेट से लेते हुए अन्य किसी हवाई सेवा प्रदाता कम्पनी को दे दिया जाए । सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने बताया कि व्यवहार्यता अंतर अनुदान योजना (VGF Scheme) के अंतर्गत बीकानेर–अहमदाबाद हवाई सेवा को एलाइंस एयर द्वारा शीघ्र प्रारम्भ करवाया जाए क्योंकि राजस्थान के अन्य शहरों की तुलना में बीकानेर को हवाई सेवाओं के क्षेत्र में अपेक्षाकृत बहुत कम लाभ प्राप्त हुआ है, जबकि बीकानेर के मारवाड़ी व्यापारी देश और दुनिया के लगभग हर कोने में अपने व्यापार एवं उद्योग के माध्यम से मजबूत पहचान रखते हैं । देश-विदेश के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों से बीकानेर के व्यापारियों का निरंतर संपर्क एवं आवागमन रहता है, फिर भी शहर को उसके अनुरूप पर्याप्त हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं हो पाई है । अहमदाबाद पश्चिम भारत का एक प्रमुख व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र है, जहाँ बीकानेर के अनेक व्यापारी एवं उद्योगपति नियमित रूप से आते-जाते हैं । ऐसे में बीकानेर-अहमदाबाद सीधी उड़ान प्रारम्भ होना क्षेत्र के व्यापार, निवेश, पर्यटन, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं को नई गति देगा । इस रूट को VGF स्कीम के अंतर्गत प्राथमिकता देते हुए एलाइंस एयर को शीघ्र आवंटित करवाया जाए, ताकि बीकानेर की जनता एवं व्यापारिक समुदाय को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here