अग्नि नृत्य के साथ अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का हुआ रंगारंग समापन
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव- 9 से 11 जनवरी 2026
रायसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और अग्नि नृत्य के साथ हुआ अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का रंगारंग समापन
रस्साकशी, कुश्ती, कबड्डी, महिला मटका दौड़, ऊंट दौड़ व घुड़दौड़ का भव्य आयोजन
‘ऊंटां रो इतिहास-विरासत के साथ” के अंतर्गत कला प्रदर्शनी का आयोजन
विभिन्न कार्यक्रमों के बीच पैरामोटरिंग ने पैदा किया रोमांच
विभिन्न प्रदेशों से आए लोक कलाकारों ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति
जसनाथी संप्रदाय के लोगों ने अग्नि नृत्य की दी साहसिक प्रस्तुति
बीकानेर, 11 जनवरी। जिले में 9 से 11 जनवरी तक आयोजित हुए अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का रविवार रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम और अग्नि नृत्य की प्रस्तुति के साथ रंगारंग समापन हो गया। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि उत्सव के आखिरी दिन रायसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक ”दम-खम ग्रामीण खेल” कार्यक्रम के तहत रस्साकशी, कुश्ती, कबड्डी, महिला मटका दौड़, देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच धोरों पर दौड़, ऊंट दौड़ व घुड़दौड़, विदेशियों द्वारा पगड़ी बांधना का आयोजन किया गया।

ये रहे विजेता
मटका दौड़ में पूजा बिश्नोई प्रथम, हर्षिता राजवी द्वितीय, सुमन स्वामी तृतीय और दयुती अरोड़ा चौथे स्थान पर रही। रस्साकशी पुरुष वर्ग में भारतीय पुरूष विजेता और रस्साकशी महिला वर्ग में विदेशी महिलाओं ने भारतीय महिलाओं को हराया। ऊंट दौड़ में मदनलाल प्रथम, इमरान द्वितीय और रामप्रताप तीसरे स्थान पर रहे। घुड़दौड़ में राकेश गोदारा प्रथम, आनंद रामावत दूसरे और काननाथ तीसरे स्थान पर रहे।

दोपहर 02 से शाम साढ़े 6 बजे तक ”रेत का समंदर” कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार की एडवेंचर एक्टिविटी का एक्सपीरियंस करवाया गया। साथ ही हैंडीक्राफ्ट व फूड बाजार,कैमल सफारी, ऊंट गाड़ी सफारी का आयोजन किया गया। ऊंटां रो इतिहास-विरासत के साथ” के अंतर्गत कला प्रदर्शनी का आयोजन राजस्थान राज्य अभिलेखागार की ओर से किया गया। जिसे देखने बड़ी संख्या में देशी विदेशी सैलानी पहुंचे। राज्य अभिलेखागार के नितिन गोयल ने ऊंटों के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी दी।


पैरामोटरिंग का आयोजन
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि इस बार कर्नल वी.एस.राठौड़ की विंग मास्टर्स कंपनी के सहयोग से पैरामोटरिंग का आयोजन भी रायसर में किया गया। सैंकड़ों की संख्या में जॉय राइडिंग के जरिए रायसर का एरियल एक्सपीरियंस करवाया गया।


रंगीलो राजस्थान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
जिला पर्यटन अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शाम 06 बजे से रात 10 बजे तक रायसर में ही रंगीलो राजस्थान कार्यक्रम के तहत नॉर्थ ईस्ट, हिमाचल, जम्मू एंड कश्मीर, बंगाल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पंजाब समेत देश भर से आ रहे लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। जसनाथी संप्रदाय के लोगों द्वारा अग्नि नृत्य की प्रस्तुति के साथ ऊंट उत्सव का समापन हो गया।कार्यक्रम में मंच संचालन श्री संजय पुरोहित ने किया।





