गर्मी में मिलेगी पक्षियों को राहत, नगर निगम की सकारात्मक पहल

0
39

टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )

गर्मी में मिलेगी पक्षियों को राहत, नगर निगम बीकानेर की सकारात्मक पहल
बीकानेर, 06 मई। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम बीकानेर ने सराहनीय पहल की है। शहर के सभी 80 वार्डों में पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम द्वारा स्वच्छता निरीक्षकों और जमादारों के माध्यम से शहर के विभिन्न पार्कों, पेड़ों, दीवारों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर लगभग 1000 मिट्टी के पलासिया (जल पात्र) लगाए जाएंगे। इन पलासियों में डोरी बांधी जाएगी ताकि उन्हें सुरक्षित रूप से लटकाया या रखा जा सके। इनका मुख्य उद्देश्य पक्षियों को सहज रूप से पानी उपलब्ध कराना है।


नगर निगम प्रशासन ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का भी प्रयास किया है। जिन स्थानों पर पलासिया रखे जाएंगे, वहां आसपास के मोहल्लेवासियों से निवेदन किया जाएगा कि वे नियमित रूप से इन पात्रों में पानी भरते रहें, ताकि यह व्यवस्था लगातार संचालित रह सके। इसके साथ ही जमादारों द्वारा इनकी निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।उपायुक्त यशपाल आहूजा ने संबंधित अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
यह पहल न केवल पक्षियों के जीवन संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि पर्यावरण के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ाएगी। नगर निगम की यह सकारात्मक पहल शहरवासियों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here