शाकद्वीपीय समाज की बैठक में अनेक मुद्दों पर हुई चर्चा
टुडे राजस्थान न्यूज़ (अज़ीज़ भुट्टा )
शाकद्वीपीय समाज की मासिक बैठक संपन्न- जनगणना समिति का गठन, शिक्षा और संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन
बीकानेर 30 जून । राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में शाकद्वीपीय समाज, बीकानेर की जून माह की मासिक बैठक जनेश्वर भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने की। महासभा के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि बैठक में समाज के संगठनात्मक विकास, सामाजिक जनगणना, शिक्षा तथा संविधान संशोधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिवक्ता दिलीप सेवक ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए समाज की प्रस्तावित जनगणना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

सामाजिक जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से एक विशेष समिति का गठन किया गया। इस समिति में अधिवक्ता राधेश्याम सेवग, गिरधर पंडित शर्मा एवं दयाशंकर शर्मा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही, जनगणना की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीक-अनुकूल बनाने हेतु जुगल किशोर शर्मा को विशेष दायित्व प्रदान किया गया। शाकद्वीपीय ब्राह्मण उच्च शिक्षा समिति के संयोजक महेश भोजक ने समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा समाज में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। समिति के सदस्यों ने यह निर्णय लिया कि राजस्थान प्रदेश के समाज के जो भी युवा भारतीय / राजस्थान प्रशासनिक सेवा की लिखिल परीक्षा उत्तीर्ण करेगा उसे उच्च शिक्षा समिति प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित करेगी । इस अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं ने भी समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और शाकद्वीपीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में आर के शर्मा, पूनमचंद शर्मा, रविन्द्र शर्मा, विजय शंकर, दुर्गादत्त भोजक, बजरंग लाल सेवग-मास्टर जी, अनिल शर्मा हरीश भोजक, विकास शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में निलेश शर्मा ने उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



